जीरन। बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें औपचारिक शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नीमच ग्रामीण परियोजना के अंतर्गत जीरन सेक्टर में वार्ड क्रमांक 11 से 15 तक के आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए ‘विद्यारंभ सेरेमनी’ हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। ​कार्यक्रम का आयोजन वार्ड क्रमांक 15 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर किया गया। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ की गई। इस दौरान वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद प्रभा राजेश लक्षकार एवं पार्षद विनोद पाटीदार (सीएम) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राथमिक कन्या शाला की शिक्षिका सुनीता शर्मा एवं श्रीमती सोनू अग्रवाल ने शिरकत की। अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों की नींव मजबूत करने वाली पहली पाठशाला बताया। ​इस सेरेमनी के दौरान वार्ड 11 से 15 तक के कुल 50 बच्चों को विद्यारंभ सेरेमनी के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जब नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपने हाथों में प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्राप्त किए, तो उनके चेहरों पर एक अलग ही चमक देखने को मिली। उपस्थित पालकों ने भी विभाग की इस पहल की सराहना की। ​कार्यक्रम का सफल संचालन सेक्टर पर्यवेक्षक सपना बैरागी द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का विशेष योगदान रहा। कार्यकर्ता सुनीता राठौर, सपना कसेरा, संतोष कुंवर, निर्मला तावरे, लक्ष्मी अहिरवार, कंचन अहिरवार​, सहायिका विनोदिता गेहलोत, सीमा कसेरा, पुष्पा दलाल, पार्वती अहिरवार, कौशल्या अहिरवार। उपस्थित रही। ​इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे, जिन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।