नीमच।  मंदसौर नारकोटिक्स विंग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार रात नीमच जिले के लोडकिया फंटे पर नाकेबंदी के दौरान करीब 3.5 क्विंटल डोडाचूरा से भरी एक स्कॉर्पियो वाहन को पकड़ा। मौके से टीम ने राजस्थान के जोधपुर जिले के फीच गांव निवासी आरोपी लखमाराम को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे रिमांड पर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार जब्त डोडाचूरा नीमच जिले के देवरी खवासा गांव निवासी विनोद पाटीदार द्वारा भरवाया गया था,जिसे राजस्थान के ओसिया क्षेत्र में संतोष नामक व्यक्ति के पास पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान नारकोटिक्स विंग ने आंत्रीमाता फंटा, लोडकिया पर घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले में कई अन्य तस्करों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते नीमच जिले के कई संदिग्ध तस्कर भूमिगत हो गए हैं।
मनासा पुलिस से पहले नारकोटिक्स ने मारी बाजी
बताया जा रहा है कि इस खेप की सूचना मनासा थाना पुलिस को भी थी,लेकिन उससे पहले ही नारकोटिक्स विंग को मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिल गई। सूत्रों के अनुसार मुखबिर ने दोनों पक्षों को सूचना दी थी, लेकिन मंदसौर नारकोटिक्स टीम ने तेजी दिखाते हुए पहले ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर दी और सफलता अपने नाम कर ली।
इस पूरी कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।