नीमच। जिला पंचायत नीमच के सदस्य नवरा आर.सागर कच्छावा ने किसानों की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में रामपुरा तहसील के गांधीसागर डूब क्षेत्र में यूरिया खाद की कमी को लेकर चिंता जताई गई है। बताया गया कि इस क्षेत्र के सैकड़ों किसान खरबूजे की खेती पर निर्भर हैं,जो उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। लेकिन वर्तमान में यूरिया खाद की अनुपलब्धता के कारण फसलें प्रभावित होने लगी हैं,जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।  ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान समय में किसानों को यूरिया खाद की सख्त आवश्यकता है, लेकिन सोसायटियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इसके कारण किसानों की फसल प्रभावित होने लगी है और उनकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। सदस्य कच्छावा ने बताया कि यदि समय रहते किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराई गई, तो खरबूजे की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि रामपुरा तहसील के समस्त किसानों को शीघ्र यूरिया खाद उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी फसल सुरक्षित रह सके।