नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने उपस्थित आवेदकों की समस्याएं सुनकर त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जैन जोन स्तर से सभी जिलों में लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं जन शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश जारी किए गए थे। इसी के पालन में 24 मार्च 2026 को आयोजित शिविर में जनसुनवाई के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी लगाया गया। शिविर के दौरान आवेदकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के समक्ष प्रस्तुत कीं। एसपी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 39 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद किया गया। वहीं जिला स्तरीय जनसुनवाई में लगभग 45 फरियादियों ने उपस्थित होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराई, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित प्रकरण, पारिवारिक विवाद एवं अन्य जनसमस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।


