नीमच। शहर के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी के भाव में एक बार फिर तेजी देखने को मिली, लेकिन यह तेजी पिछले सप्ताह आई भारी गिरावट की पूरी भरपाई नहीं कर सकी। लगातार बदलते भावों के कारण निवेशक और ग्राहक असमंजस की स्थिति में हैं, वहीं बाजार में ग्राहकी फिलहाल सुस्त बनी हुई है। मंगलवार को सर्राफा बाजार में सोने का भाव 1 लाख 45 हजार रुपये और चांदी का भाव 2 लाख 25 हजार रुपये रहा। सोमवार की तुलना में चांदी में लगभग 13 हजार रुपये और सोने में करीब 6 हजार रुपये की तेजी दर्ज की गई। हालांकि पिछले सात दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोना एक सप्ताह पहले 1 लाख 56 हजार 250 रुपये और चांदी 2 लाख 50 हजार रुपये तक पहुंच गई थी। इस तरह एक सप्ताह में सोने में करीब 17 हजार रुपये और चांदी में लगभग 25 हजार रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जिसे सर्राफा बाजार में बड़ा उतार-चढ़ाव माना जा रहा है। व्यापारियों के अनुसार बाजार में इस समय ग्राहकी कमजोर है। पहले गिरावट और फिर अचानक तेजी आने से ग्राहक खरीदारी को लेकर निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। कुछ व्यापारियों का मानना है कि वर्तमान भाव खरीदारी के लिहाज से बेहतर अवसर हो सकता है, इसलिए अधिक इंतजार करना ठीक नहीं होगा।जानकारों के मुताबिक आमतौर पर युद्ध या वैश्विक तनाव की स्थिति में सोने-चांदी के भाव बढ़ते हैं, लेकिन इस बार स्थिति कुछ अलग दिखाई दे रही है। अंतरराष्ट्रीय आर्थिक अनिश्चितता के कारण निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं की बजाय नकदी की ओर बढ़ा है। विशेषज्ञों का कहना है कि गिरावट के पीछे कैश पर भरोसा बढ़ना, प्रॉफिट बुकिंग और अमेरिका में ब्याज दरों के प्रभाव जैसे कारण प्रमुख माने जा रहे हैं। सर्राफा बाजार के जानकारों की राय फिलहाल बंटी हुई है। कुछ विशेषज्ञ आगे भी उतार-चढ़ाव की संभावना जता रहे हैं, जबकि कुछ व्यापारियों का मानना है कि मौजूदा भाव खरीदारी के लिए अच्छा अवसर हो सकता है।


