मनासा। क्षेत्र में गुरुवार रात सरेआम हिंसा की एक गंभीर घटना सामने आई,जिसमें एक युवक को बीच सड़क पर लाठियों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाजापुर जिले के ग्राम देवरी निवासी प्रकाश (35) 7 अप्रैल को इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित एक ऑटो शोरूम से टेस्ट ड्राइव के दौरान कार लेकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद शोरूम संचालक ने उसकी तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि युवक के मनासा में होने की सूचना मिलने पर आरोपियों ने एक योजना बनाई। आरोप है कि प्रकाश की परिचित महिला ने उसे मिलने के बहाने मनासा बुलाया,जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,आरोपियों ने युवक से कार के बारे में पूछताछ की और कथित रूप से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। मनासा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इंदौर निवासी तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार,पूरे मामले में कार चोरी,आपराधिक साजिश और मारपीट सहित विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।