नीमच में ‘ज्ञान का महाकुंभ’ शुरू, पहले ही दिन पुस्तक मेले में उमड़ी पालकों की भीड़ !, नीमच में तीन दिवसीय पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ, पहले ही दिन उमड़ी पालकों की भीड़
10 Apr 2026
NEEMUCH NEWS
नीमच। शिक्षा विभाग नीमच द्वारा शासकीय उमावि क्रमांक-02 में आयोजित तीन दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्विन वैष्णव विशेष रूप से उपस्थित रहे। मेले में कुल 15 दुकानदारों द्वारा विभिन्न कक्षाओं की शाला में प्रचलित पुस्तकें, गणवेश एवं स्टेशनरी सामग्री न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। निजी प्रकाशकों की पुस्तकों पर लगभग 20 प्रतिशत तथा कॉपियां एवं रजिस्टर सहित स्टेशनरी सामग्री पर 50 प्रतिशत तक का आकर्षक छूट दिया जा रहा है, जिससे पालकों एवं विद्यार्थियों को काफी लाभ मिल रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुजानमल मांगारिया ने पालकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। मेले के पहले ही दिन करीब 300 से अधिक पालकों ने पहुंचकर रियायती दरों पर पुस्तकें एवं स्टेशनरी सामग्री खरीदी। यह पुस्तक मेला 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें आगामी दिनों में और अधिक भीड़ रहने की संभावना है।