लहसुन नीलामी में हंसी-मजाक बना विवाद, समझौते के दौरान फिर भड़के, हुई मारपीट
11 Apr 2026
NEEMUCH NEWS
मनासा, 10 अप्रैल। कृषि उपज मंडी में गुरुवार को लहसुन नीलामी के दौरान दो व्यापारियों के बीच हंसी-मजाक से शुरू हुआ विवाद अचानक मारपीट में बदल गया। घटना से मंडी परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, चंद्रावत ट्रेडिंग के नरेंद्रसिंह चंद्रावत और कपिल लढा के बीच नीलामी के दौरान मजाक चल रहा था, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गया। विवाद बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान कपिल लढा के पिता प्रहलाद लढा और कवीश लढा सहित तीन लोगों ने नरेंद्रसिंह चंद्रावत के साथ मारपीट कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही मंडी अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। वहीं, शुक्रवार को समझौते के लिए प्रहलाद लढा अपने परिजनों के साथ मंडी परिसर पहुंचे, लेकिन इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे राजपूत समाजजनों और लढा परिवार के बीच फिर विवाद हो गया। इससे मंडी में एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य व्यापारी ललित मंडूड़ा के साथ भी भीड़ ने मारपीट कर दी, जिससे उनकी शर्ट तक फट गई। मंडी सचिव कमलेश मीणा ने बताया कि इस प्रकार की घटनाएं अनुशासनहीनता और व्यापारी आचरण के खिलाफ हैं। दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष द्वारा थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।