आईपीएल के साथ नीमच में सट्टे का ‘काला खेल’ तेज, शहर भर में फैला नेटवर्क – पुलिस की नजर कमजोर!
11 Apr 2026
NEEMUCH NEWS
नीमच। आईपीएल महाकुंभ के शुरू होते ही शहर में क्रिकेट सट्टा बाजार भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मैच की पहली गेंद के साथ ही सटोरियों ने अपनी बिसात बिछा दी है और ऑनलाइन मोबाइल व लैपटॉप के जरिए लाखों रुपए का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक,शहर में टोनी,नंदन चौहान, बिट्टू,जाहिद,सुमित,युनूस,ब्रजेश, कमलेश,विनोद अग्रवाल,बंटी स्टेशन, मोंटू,रितिक सलूजा,सौरभ मित्तल, जितेंद्र सहित कई नाम इस काले कारोबार में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
मोबाइल आईडी से चल रहा पूरा खेल,जानकारी के अनुसार बड़े बुकी शहर के 50 से 70 छोटे सटोरियों को मोबाइल पर आईडी उपलब्ध कराते हैं। इसके बाद क्रिकेट प्रेमी इन आईडी में हजारों रुपए ट्रांसफर कर मैच पर दांव लगाते हैं। खास बात यह है कि इस जाल में मध्यमवर्गीय परिवारों के लोग भी तेजी से फंसते जा रहे हैं।
शहर के कई इलाकों में फैला नेटवर्क
सूत्रों के अनुसार बघाना क्षेत्र के होली चौक,फतेह चौक,टंकी क्षेत्र,रेलवे फाटक के पास,कृषि उपज मंडी परिसर,छावनी की राजेश्वर कॉलोनी, घंटाघर,खारी कुआं,स्कीम नंबर 36 और फव्वारा चौक सहित नीमच सिटी में सट्टा कारोबार संचालित हो रहा है।
शहर से बाहर भी जमाए ठिकाने
बताया जा रहा है कि कई बुकी नीमच के अलावा निंबाहेड़ा,उदयपुर,छोटी सादड़ी,मंदसौर और इंदौर तक अपने नेटवर्क फैला चुके हैं। ये लोग लग्जरी कारों में सफर कर विभिन्न स्थानों से सट्टा ऑपरेट करते हैं और मैच खत्म होते ही वापस लौट आते हैं।
सेशन पर लगती है हजारों-लाखों की बोली,सटोरियों द्वारा 6,10,15 और 20 ओवर के सेशन में हजारों से लेकर लाखों रुपए तक की बोली लगाई जाती है। छोटे खिलाड़ियों के लिए छोटी रकम,जबकि बड़े बुकी भारी रकम दांव पर लगाते हैं।
पुलिस की सक्रियता पर सवाल,हालांकि पुलिस द्वारा साइबर सेल को सक्रिय करने और सटोरियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई कमजोर नजर आ रही है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि इस बार सट्टा बाजार को खुली छूट मिल गई है।
पुलिस का बयान
एसपी अंकित जायसवाल ने कहा है कि सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं और साइबर सेल को पुराने सटोरियों पर नजर रखने को कहा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर में क्रिकेट सट्टेबाजी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।