मनासा (नीमच): मध्य प्रदेश के नीमच जिले की मनासा तहसील के आंतरी माता गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के एक रिटायर्ड फौजी ने पूर्व सरपंच नंदकिशोर पोरवाल के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए खुलेआम धमकी दी है। फौजी के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद को ‘पान सिंह तोमर’ बनाने की चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं।
‘हथियार उठाना बड़ी बात नहीं, जानता हूँ कब और कहाँ चलानी है’:- वीडियो में पूर्व फौजी विनोद कुमार माली ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए कहा, “मैंने 20 साल देश की रक्षा की है। अगर मैं देश की रक्षा कर सकता हूँ, तो इस नंदकिशोर पोरवाल से भी निपट सकता हूँ। हथियार उठाना मेरे लिए बड़ी बात नहीं है, मैंने 20 साल बंदूकें चलाई हैं और अच्छी तरह जानता हूँ कि कब और कहाँ चलानी हैं।” उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अब उन्हें मजबूर न किया जाए, वरना वे पान सिंह तोमर का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे।
पत्रकारों और अधिकारियों पर साधा निशाना:-
फौजी ने स्थानीय पत्रकारों और प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राठौर बस के मालिक और नरेंद्र बैरागी जैसे लोगों के पास 500 बीघा जमीन होने के बावजूद अगर वे यह कह रहे हैं कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जा हुआ है, तो इसमें डरने की क्या बात है?
विनोद कुमार माली ने पत्रकारों को चेतावनी देते हुए कहा, “अगर आप सत्य नहीं बोल पा रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आपने नंदकिशोर पोरवाल से पैसे लिए हैं। अगर पैसे नहीं लिए हैं, तो कल सुबह मिलते हैं।” उन्होंने स्थानीय प्रशासन और मीडिया को चुनौती देते हुए कहा कि सत्य लिखने में मनासा के पत्रकारों को दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
‘नंदकिशोर पोरवाल से न डरें’:-
फौजी ने अपने पूरे ग्रुप और क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे नंदकिशोर पोरवाल से न डरें और न ही घबराएं। उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी को डराना नहीं, बल्कि सच्चाई को सामने लाना है। इस बयान के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इस मामले को लेकर प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।
#NeemuchNews #Manasa #MadhyaPradesh #CrimeNews #ViralVideo #ExServiceman


