रामपुरा। नगर परिषद रामपुरा की कथित उदासीनता के चलते बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध गुमटियों का कब्जा लगातार बढ़ता जा रहा है। मुख्य मार्ग,जो मनासा–गांधी सागर रोड से जुड़ा हुआ है,अब अतिक्रमण की वजह से संकरा हो गया है, जिससे आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे सरकारी जमीन पर गुमटी रखकर कई लोगों ने कब्जा जमा लिया है। स्थिति यह है कि गुमटी संचालक अपनी दुकानों के आगे कार,ट्रैक्टर और ट्रक जैसे भारी वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय पहले इसी मार्ग पर एक भोई समाज के व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अवैध कब्जों के कारण पर्याप्त जगह नहीं बचती, जिससे हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है।
चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि कुछ लोगों ने इन अवैध गुमटियों को खुद उपयोग करने के बजाय 3000 रुपये प्रतिमाह किराए पर दे रखा है, जिससे यह अवैध कब्जा एक प्रकार का व्यवसाय बन गया है।
जनता की मांग:
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद रामपुरा के CMO से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।