किसके संरक्षण में फल-फूल रहा श्री नाथ ट्रांसपोर्ट का अवैध कब्जा, CRPF मेस के पास राहगीर परेशान...
29 Apr 2026
NEEMUCH NEWS
*रिपोर्ट - प्रवीण गोस्वामी*
नीमच। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शुमार CRPF मेस के समीप इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। श्री नाथ ट्रांसपोर्ट की मनमानी के चलते मुख्य सड़क को ही गोदाम बना दिया गया है। जिससे यहाँ से गुजरने वाले बाइक और कार चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि श्री नाथ ट्रांसपोर्ट द्वारा भारी-भरकम माल सीधे सड़क पर ही उतार दिया जाता है। इस कारण सड़क का हिस्सा ट्रकों और सामान से घिरा रहता है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहाँ से निकलने वाले दोपहिया और चार पहिया वाहनों को निकलने की जगह नहीं मिल पा रही है। जिससे हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
क्षेत्र में चर्चा है कि आखिर इस ट्रांसपोर्टर को किसका संरक्षण प्राप्त है जो सरेआम सड़क पर अतिक्रमण कर आम जनता के हक को छीन रहा है। प्रशासन और यातायात विभाग की चुप्पी कई संदेहों को जन्म दे रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाम के समय स्थिति और भी विकट हो जाती है। सड़क पर बेतरतीब पड़े सामान के कारण कार चालकों को वाहन निकालने में पसीने छूट जाते हैं वहीं बाइक सवार भी आए दिन टकराने से बच रहे हैं।