रामपुरा। बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध गुमटियों और अतिक्रमण को लेकर बुधवार को एक समाचार प्रसारित किया था। “मालवा हलचल” की खबर का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। नगर परिषद रामपुरा ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखी गई गुमटियों को हटाने के लिए संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि बिना अनुमति नगर परिषद क्षेत्र में गुमटी लगाकर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किया गया है, जो नियमों के विरुद्ध है। साथ ही यह भी कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति 3 दिवस के भीतर स्वयं गुमटी हटाएं, अन्यथा नगर परिषद द्वारा कार्रवाई करते हुए गुमटी हटाई जाएगी और इसका पूरा खर्च संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा। यह नोटिस कलेक्टर कार्यालय के निर्देश और सड़क सुरक्षा बैठक के संदर्भ में जारी किया गया है, जिससे साफ है कि प्रशासन अब इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही बस स्टैंड क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त होगा और ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी।