नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में नयागांव स्थित RTO चेक पोस्ट एक बार फिर से विवादों के घेरे में है। कोर्ट के निर्देशों के बाद चेक पोस्ट तो शुरू हो गई, लेकिन अब यह आमजन और वाहन चालकों के लिए ‘परेशानी का सबब’ बन गई है। शुक्रवार रात यहां जो कुछ हुआ, उसने पूरे सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बेरियर पर अवैध वसूली के लिए ‘प्राइवेट लठैत’ तैनात कर रखे हैं, जो सरेआम गुंडागर्दी पर उतारू हैं।

प्राइवेट लोगों के हाथों में ‘कानून की कमान’
अभी तक सरकार की ओर से बेरियर पर वसूली को लेकर कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं किए गए हैं, इसके बावजूद नयागांव बेरियर पर वसूली का खेल चरम पर है। शुक्रवार रात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि वर्दीधारी अधिकारियों के बजाय कुछ प्राइवेट लोग वाहनों को रुकवा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को इन प्राइवेट वसूलीबाजों ने एक टूरिस्ट बस को जबरन रुकवाया। जब बस चालक ने नियमों का हवाला देते हुए विरोध किया, तो विवाद इतना बढ़ गया कि प्राइवेट लठैतों ने चालक पर लात-घूंसे और बेल्ट बरसा दिए।
बीच-बचाव में आईं महिलाएं, मची अफरा-तफरी
मारपीट की इस घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विवाद को बढ़ता देख बस में सवार महिलाएं भी बीच-बचाव के लिए उतरीं, लेकिन वसूली के नशे में चूर इन लठैतों ने किसी की एक न सुनी। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में भारी आक्रोश है।

पहले भी उठ चुके हैं सवाल, फिर भी ‘खामोश’ है विभाग:/
नयागांव आरटीओ चेक पोस्ट पर अवैध वसूली की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार वसूली और बदसलूकी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी हर बार चुप्पी साधे बैठे रहते हैं। बड़ा सवाल यह है कि आखिर सरकारी चेक पोस्ट पर प्राइवेट लोगों को किसके इशारे पर रखा गया है? क्या परिवहन विभाग खुद अपनी नाक के नीचे हो रही इस गुंडागर्दी से अनजान है, या फिर इस लूट के खेल में ऊपर तक हिस्सा जा रहा है?

चालकों में डर का माहौल:-
बॉर्डर से गुजरने वाले ट्रक और बस चालकों का कहना है कि अगर समय पर ‘सुविधा शुल्क’ नहीं दिया गया, तो उन्हें इसी तरह प्रताड़ित किया जाता है। अब देखना यह होगा कि इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद क्या प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी पुरानी शिकायतों की तरह फाइलों में दफन हो जाएगा?