मनासा। प्रदेश में नशे और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “त्रिनेत्र” के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 क्विंटल 1 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री एवं वाहन की कुल कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक नीमच श्री राजेश व्यास के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री एन.एस. सिसोदिया एवं एसडीओपी निकिता सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस चौकी कंजार्डा द्वारा यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान कंजार्डा की ओर से आ रहे बिना नंबर के संदिग्ध जॉन डियर ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई। ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम सत्यनारायण धाकड़ पिता नानालाल धाकड़ निवासी कंजार्डा बताया। तलाशी के दौरान ट्रॉली में रखे 30 प्लास्टिक कट्टों से 6 क्विंटल 1 किलो ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मनासा में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, चौकी प्रभारी उनि. श्याम कुमावत, सउनि. पन्नालाल चौहान, आरक्षक मोहनप्रकाश, अजयप्रताप एवं ईश्वरसिंह चौहान की सराहनीय भूमिका रही।


