नीमच। मध्य प्रदेश और राजस्थान की सबसे संवेदनशील कही जाने वाली नयागांव पुलिस चौकी एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है, जहां से गुजरने के बाद निंबाहेड़ा सदर पुलिस ने एक करोड़ रुपए की कीमत का करीब 6 क्विंटल अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। चित्तौड़गढ़ जिले की पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत वंडर पुलिया पर नाकाबंदी के दौरान नीमच की ओर से आ रहे पंजाब नंबर के एक टाटा ट्रक को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर पशु आहार के कट्टों के नीचे छिपाकर रखा गया 593 किलो 100 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ और मौके से पंजाब के तरणतारण निवासी दो तस्करों साहिब सिंह व अजय कल्ला को गिरफ्तार किया गया। इस बड़ी कार्रवाई ने नयागांव चौकी पुलिस के सूचना संकलन और खुफिया तंत्र की पोल खोलकर रख दी है, क्योंकि करोड़ों रुपए का मादक पदार्थ नयागांव चौकी की नाक के नीचे से बेधड़क गुजर कर राजस्थान सीमा में दाखिल हो गया और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। अंतरराज्यीय बॉर्डर पर चौबीस घंटे सघन चेकिंग और तगड़ी नाकेबंदी के दावों के बीच इतनी बड़ी खेप का आसानी से निकल जाना यह साबित करता है कि नयागांव चौकी पुलिस का मुखबिर तंत्र पूरी तरह से ध्वस्त और निष्क्रिय हो चुका है। हालांकि, नीमच जिले के नवागत पुलिस एसपी राजेश व्यास के कमान संभालते ही क्षेत्र में अपराधियों और लापरवाहों के खिलाफ एक नई उम्मीद जागी है। उन्होंने पदभार ग्रहण करते ही साफ कर दिया था कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और पुलिसिंग में किसी भी स्तर की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, पड़ोसी जिले में हुई इस बड़ी जब्ती के बाद कड़क मिजाज एसपी राजेश व्यास बेहद एक्शन मोड में हैं और नयागांव चौकी पुलिस की इस गंभीर लापरवाही को लेकर वे कड़ा रुख अख्तियार करते हुए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर उनकी जवाबदेही तय करने की पूरी तैयारी में हैं, जिससे अब क्षेत्र के अवैध कारोबारियों के साथ-साथ सुस्त पुलिसिंग करने वालों में भी भारी हड़कंप मचा हुआ है।