जावद। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने मंगलवार को जावद नगर का दौरा कर कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बेहतर पुलिसिंग का भरोसा दिलाया। एसपी के दौरे को लेकर पुलिस विभाग में भी सक्रियता देखने को मिली। जावद आगमन पर पुलिस अधीक्षक सबसे पहले स्थानीय थाना परिसर पहुंचे, जहां नगर के प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसपी राजेश व्यास ने नागरिकों से क्षेत्र की सामाजिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। बैठक के बाद एसपी राजेश व्यास ने पुलिस बल के साथ नगर में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। यह पैदल भ्रमण नीमच दरवाजा से शुरू होकर उठाना दरवाजा तक निकाला गया। इस दौरान उन्होंने मुख्य मार्गों के साथ-साथ तंग गलियों का भी बारीकी से निरीक्षण किया तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। पैदल मार्च के दौरान बाजार क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों का भी निरीक्षण किया गया। एसपी ने मातहत अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा आमजन से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीओपी, थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। नगरवासियों ने भी एसपी के इस जनसंवाद और पैदल निरीक्षण को सकारात्मक पहल बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास जताया।