नीमच जिले के नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ी में एक 23 वर्षीय युवती ने एक युवक की प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक रिया के माता-पिता दोनों नेत्रहीन हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बोरखेड़ी निवासी रिया (23) पुत्री गोवर्धन का मनासा बरड़िया निवासी नीरज नामक युवक से परिचय था। परिजनों का आरोप है कि नीरज पिछले कुछ समय से रिया को मानसिक रूप से परेशान और प्रताड़ित कर रहा था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर रिया ने मंगलवार शाम यह कदम उठाया।
जब काफी देर तक रिया का पता नहीं चला और घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर रिया को अचेत अवस्था में पाया और तुरंत जिला चिकित्सालय ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार को नीमच सिटी थाना पुलिस ने जिला अस्पताल में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और रिया को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपी युवक नीरज के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


