जीरन का वीर सपूत शहीद, CRPF जवान संजय सगवारिया का आज राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
21 May 2026
NEEMUCH NEWS
जीरन। देश सेवा करते हुए जीरन के वीर सपूत, सीआरपीएफ के सिपाही कॉन्स्टेबल संजय जी सगवारिया के शहीद होने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। जैसे ही शहादत की सूचना जीरन पहुंची,पूरे अंचल में मातम छा गया और लोगों की आंखें नम हो गईं। जानकारी के अनुसार शहीद संजय जी सगवारिया का पार्थिव शरीर आज 21 मई को सुबह लगभग 8:15 बजे सीआरपीएफ के जवानों द्वारा बड़े गणपति मंदिर से सम्मान के साथ उनके घर जीरन लाया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहेंगे। शहीद संजय जी को पूरे राजकीय सम्मान और सैन्य परंपराओं के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। सीआरपीएफ के जवान गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने वीर साथी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद पूरे नियम और सम्मान के साथ उनका दाह संस्कार किया जाएगा।