जीरन । आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव, शांति और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाने तथा नगर की यातायात व कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से स्थानीय थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार श्रुति भयडिया की अध्यक्षता व मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने त्योहारों की तैयारियों के साथ-साथ नगर की सुलगती समस्याओं पर भी खुलकर मंथन किया। बैठक में आगामी दिनों में आने वाले विभिन्न समुदायों के पर्वों को लेकर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के कड़े इंतजाम करने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान मुख्य रूप से ​शत्रुघ्न चतुर्वेदी (नायब तहसीलदार), ​विकास डावर (सीएमओ, नगर परिषद), ​उमेश यादव (थाना प्रभारी, जीरन), ​राहुल वर्मा (कनिष्ठ यंत्री, विद्युत विभाग)​, रामकरण सगवारिया (अध्यक्ष, नगर परिषद)उपस्थित रहे। ​प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान बिजली, पानी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। बैठक में मुख्य रूप से ​उर्स शरीफ 24 और 25 मई (जीरन कस्बा), ​ईद-उल-जुहा (ईद) 28 मई, ​महाराणा प्रताप जयंती 28 मई, ​मुहर्रम पर्व 26 जून (आगामी माह) मनाए जाने को लेकर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे हमेशा की तरह जीरन की आपसी सद्भाव की परंपरा को बनाए रखते हुए सभी पर्वों को मिलजुल कर और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।
​केबल चोरी और यातायात पर तीखे सवाल,शांति समिति की बैठक में केवल त्योहारों पर ही बात नहीं हुई, बल्कि नगर की ज्वलंत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर अधिकारियों ने त्वरित और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। पूर्व मंडल अध्यक्ष मधुसूदन राजोरा ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही केबल चोरी की घटनाओं पर गहरा रोष जताया। उन्होंने किसानों और आमजन को हो रहे नुकसान का हवाला देते हुए चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस से ठोस और सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकार राजेश लक्षकार और दुर्गाशंकर (लाला) भट्ट ने नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था का मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया। उन्होंने बताया कि ​बस स्टैंड पर फल-फ्रूट और सब्जी के ठेले वाले आधी सड़क घेरकर खड़े होते हैं। ​वाटर कूलर के सामने हो रहे अतिक्रमण के कारण आम रास्ता पूरी तरह बाधित हो रहा है। ​बस स्टैंड से लेकर मेरावत मंदिर और प्रतापगढ़ दरवाजा तक के संकरे मार्ग पर लोग सड़क किनारे ही अपने वाहन और कृषि उपकरण (ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि) खड़े कर देते हैं, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
अधिकारियों का अल्टीमेटम: बर्दाश्त नहीं होगा अतिक्रमण
​मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उमेश यादव और सीएमओ विकास डावर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अतिक्रमण करने वालों पर अब कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को अपनी सीमा के भीतर ही व्यवसाय करने के लिए पाबंद किया जाएगा। साथ ही, यातायात को सुचारू रखने के लिए मुख्य मार्गों पर विशेष पुलिस बल तैनात किया जाएगा। ​इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मणसिंह भाटी,पार्षद यशवंत सगवारिया, दिलीप सुथार, भाजपा नगर अध्यक्ष राजेंद्र मुकाती, शांतिलाल तूफान, कुंदन शर्मा सहित दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक, विभिन्न समाजों के पदाधिकारी और पत्रकार बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।