सिंगोली:-कानून और राजनीति के महारथी, भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरेंद्र कुमार सखलेचा “बड़े साहब” की 28वीं पुण्यतिथि रविवार को झांतला में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं और ग्रामीणों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने जनसंघ के दिनों में बड़े साहब के संघर्षों और मूल्यों को याद करते हुए भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा जनसेवा के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के दौरान “जब तक सूरज-चांद रहेगा, बड़े साहब सखलेचा जी आपका नाम रहेगा” और “चप्पा-चप्पा भाजपा” के नारे गूंजते रहे।

“झांतला को छोटी भोपाल बनाने वाले नेता थे बड़े साहब”
भाजपा मंडल महामंत्री पारस कुमार जैन ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि अविभाजित मंदसौर जिले के जावद क्षेत्र को देश के राजनीतिक पटल पर चमकाने वाले नेता स्व. सखलेचा ही थे। वे मध्यप्रदेश के 10वें मुख्यमंत्री रहे। जनता के बीच चौपाल लगाकर संवाद करना उनकी पहचान थी। संसदीय क्षेत्र में भाजपा की जड़ें मजबूत करने का श्रेय भी उन्हें जाता है। संगठन में सक्रियता और जीवटता के कारण आज भी कार्यकर्ता उन्हें याद करते हैं। पूर्व मंडल महामंत्री राधेश्याम आडवाणी ने कहा कि जावद विधानसभा में सर्वप्रथम पशु चिकित्सालय और भवन की सौगात झांतला को बड़े साहब के अथक प्रयासों से मिली। इसी वजह से झांतला को “छोटी भोपाल” कहा जाता है। यह ग्राम बड़े साहब का हृदय स्थल रहा। आज भी मुख्य चौराहे पर बनी उनकी प्रतिमा को लोग प्रणाम करते हैं।

सादगी और प्रशासनिक क्षमता आज भी प्रेरणा,ग्राम पंचायत झांतला के सरपंच प्रतिनिधि विनोद धाकड़ ने बताया कि स्व. वीरेंद्र कुमार सखलेचा जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। उन्होंने जनवरी 1978 से जनवरी 1980 तक मध्यप्रदेश के 10वें मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की सेवा की। जावद क्षेत्र के मूल निवासी होने के कारण उनकी प्रशासनिक क्षमता और सादगी आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। भाजपा बूथ अध्यक्ष प्रेमचंद्र प्रजापत ने कहा कि बड़े साहब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम आगामी चुनाव से पहले प्रत्येक बूथ को मजबूत करेंगे और प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि बड़े साहब के सुपुत्र पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा विगत दो दशक से जावद का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कर रहे हैं। कार्यक्रम में बद्रीलाल धाकड़,जगन्नाथ धाकड़,भगवानलाल बलाई, पप्पू राव, बाबूलाल धाकड़,सुनील सुथार,शंकरलाल धाकड़ सहित भाजपा पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।