नीमच, 2 जून। जिला कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर नीमच के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को जिले में फल विक्रेताओं एवं दूध डेयरियों का सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा पदेन उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में की गई। निरीक्षण के दौरान अतीक फ्रूट मर्चेंट से तरबूज का नमूना लिया गया। वहीं अनवर हुसैन एंड ब्रदर्स एवं वाहेगुरु फ्रूट्स से बादाम आम के नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा शकील एंड ब्रदर्स से दशहरी आम का नमूना लिया गया। बालाजी दूध डेयरी का आकस्मिक निरीक्षण कर घी के दो नमूने जांच हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान फल विक्रेताओं के यहां प्रतिबंधित रसायन कार्बाइड आदि के उपयोग की भी जांच की। जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर प्रतिबंधित कार्बाइड का उपयोग नहीं पाया गया। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा की टीम द्वारा की गई।