नीमच, 4 जून। अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसडीएम पराग जैन ने गुरुवार को तहसीलदार संजय मालवीय के साथ शहर के ज्ञानोदय हॉस्पिटल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री जैन ने अस्पताल में स्थापित फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म सिस्टम तथा आपातकालीन निकास द्वारों की स्थिति एवं कार्यक्षमता की जांच की। उन्होंने अस्पताल स्टाफ से अग्निशमन उपकरणों के उपयोग एवं आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी भी प्राप्त की। इसके अलावा अस्पताल में उपलब्ध बेड, ऑक्सीजन सुविधा, आईसीयू, जनरेटर बैकअप तथा स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी फायर सेफ्टी उपकरण सदैव चालू एवं उपयोग योग्य स्थिति में रहें तथा कर्मचारियों को नियमित रूप से मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण के माध्यम से आपदा प्रबंधन के लिए तैयार रखा जाए। एसडीएम श्री जैन ने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थानों में फायर सेफ्टी के सभी मानकों का पूर्ण पालन अनिवार्य है। सुरक्षा संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है, इसलिए फायर एनओसी का समय पर नवीनीकरण और नियमित सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। तहसीलदार संजय मालवीय ने बताया कि मरीजों एवं उनके परिजनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।