नीमच की नन्ही परी यशवी शर्मा ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीते दो स्वर्ण पदक!
09 Jun 2026
NEEMUCH NEWS
नीमच। अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय मॉडर्न पेंटाथलॉन चैंपियनशिप-2026 में नीमच की सबसे युवा एवं सबसे छोटी खिलाड़ी यशवी नितेश शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर जिले, मध्य प्रदेश तथा अपने परिवार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यशवी ने बायथले (रनिंग एवं स्विमिंग) तथा ट्रायथले (रनिंग, शूटिंग एवं स्विमिंग) स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अर्जित कर अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत एवं अनुशासन का उत्कृष्ट परिचय दिया। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण पदक जीतना अपने आप में एक उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायक उपलब्धि है। यशवी की इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल नीमच जिले एवं मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ा है, बल्कि उन्होंने मारोठिया परिवार तथा विश्वकर्मा जांगिड़ ब्राह्मण समाज का नाम भी पूरे देश में रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर चारभुजा नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश किंजा एवं सचिव गोपाल शर्मा, तथा विश्वकर्मा जांगिड़ ब्राह्मण समाज छात्रावास ट्रस्ट के अध्यक्ष मांगीलाल करेल एवं सचिव जगदीश शर्मा ने समाज की इस होनहार बिटिया को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। उन्होंने यशवी के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति एवं खेल जगत में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि यशवी की यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास एवं आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उक्त जानकारी विश्वकर्मा जांगिड़ ब्राह्मण समाज चारभुजा नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश किंजा द्वारा प्रेस नोट के माध्यम से जारी की गई।