नीमच। मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विजय टॉकीज चौराहे पर पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र के हत्यारे” का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और लोकतंत्र के शर्मसार होने का आरोप लगाया। इसके बाद लोकतंत्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सांकेतिक शोक सभा भी आयोजित की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि राज्यसभा चुनाव में विपक्षी उम्मीदवार का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में यह कार्रवाई की गई है। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की मांग करते हुए निर्णय के खिलाफ न्यायालय जाने की बात कही। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए निर्णय वापस लेने की मांग की।


