सिंगोली। भूतेश्वर महादेव मंदिर के भव्य निर्माण को लेकर गुरुवार को मंदिर परिसर में निर्माण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से मंदिर निर्माण की मुख्य कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने “जय श्री महाकाल” और “जय श्री भूतेश्वरनाथ” के जयघोष के साथ मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। बैठक में मंदिर निर्माण समिति की नई कार्यकारिणी घोषित की गई, जिसमें महेश तिवारी को अध्यक्ष, सुनील सोनी को उपाध्यक्ष, कमल शर्मा को कोषाध्यक्ष, हंसराज खटीक को सह-कोषाध्यक्ष, राजेश नागोरी को सचिव तथा मदनलाल धाकड़ (फोरु) को सहसचिव बनाया गया। मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग की घोषणा की। राजेश लोहार ने मंदिर से सटी 15×120 फीट भूमि दान देने की घोषणा की। वहीं महेश तिवारी, कमल शर्मा, गोविंद शर्मा, मोतीलाल धाकड़, शंकर लक्ष्यकार, दिनेश ठेकेदार और देवीलाल गुर्जर ने एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। कन्हैयालाल जंगम ने 151 सीमेंट के बोरे देने का संकल्प लिया। इसके अलावा 21 हजार रुपये की रसीदें भी प्राप्त हुईं। बैठक के दौरान मंदिर का प्रस्तावित भव्य मॉडल और नक्शा भी प्रदर्शित किया गया। प्रस्तावित योजना के अनुसार लगभग 200 फीट लंबे परिसर में 25×15 फीट का मुख्य मंदिर, लिफ्टयुक्त कक्ष, तुलसी क्षेत्र, स्विमिंग पूल सहित बाउंड्री वॉल तथा चारों ओर आकर्षक लैंडस्केप गार्डन विकसित किया जाएगा। मॉडल में दो कुंड, हरियाली से युक्त परिसर और रात्रिकालीन रोशनी की विशेष व्यवस्था दर्शाई गई।
मंदिर निर्माण कार्य को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए मंदिर निर्माण समिति और चंदा समिति का भी गठन किया गया। बैठक में उपस्थित सर्वसमाज के श्रद्धालुओं ने जमीन पर बैठकर एकजुटता का परिचय दिया तथा विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की। कार्यकारिणी के विस्तार एवं आगामी रणनीति पर चर्चा के लिए अगली बैठक 22 जून 2026 को सायं 7:15 बजे विवेकानंद बाजार स्थित गौतमालय भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का संकल्प लिया।