नीमच। जावद जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण को पद से हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को जावद विधानसभा क्षेत्र के नागरिक एवं कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज तिवारी ने अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। वे भारतीय संविधान तथा मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की प्रतियां हाथ में लेकर नीमच कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पंकज तिवारी ने अपने मुंह पर “भ्रष्ट कुर्सी पर मौन क्यों?” लिखी पट्टी बांध रखी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद पंचायत जावद के अध्यक्ष गोपाल चारण को वर्ष 2023 में लोकायुक्त पुलिस द्वारा कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद वे अब भी अपने पद पर बने हुए हैं। ज्ञापन में कहा गया कि भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोपों के बाद भी संबंधित जनप्रतिनिधि के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना लोकतांत्रिक मूल्यों और जनभावनाओं के विपरीत है। इससे आम जनता के बीच गलत संदेश जा रहा है तथा शासन-प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पंकज तिवारी ने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वैधानिक प्रावधानों के तहत जनपद पंचायत अध्यक्ष के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर उन्हें पद से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। इस दौरान यश लोहार भी उपस्थित रहे। उन्होंने भारतीय संविधान एवं पंचायत राज अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही सर्वोपरि है। भ्रष्टाचार के मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई से ही जनता का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास बना रह सकता है।
नीमच कलेक्ट्रेट में संविधान एवं पंचायत राज अधिनियम की प्रतियां लेकर जनपद पंचायत अध्यक्ष के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते पंकज तिवारी।


