नीमच। हिन्दुआ सूर्य, मान-सम्मान, स्वतंत्रता एवं स्वाभिमान के अमर पुजारी वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के 487वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप जयंती महोत्सव समिति, नीमच सिटी द्वारा 17 जून 2026, बुधवार को भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
विधायक दिलिप सिंह परिहार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे प्रताप चौक, नीमच सिटी एवं ग्वालटोली चौराहा पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात सायं 5 बजे से विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी तथा सायं 6 बजे से ऐतिहासिक चल समारोह प्रारंभ होगा।
परिहार ने बताया कि विशाल चल समारोह प्रताप चौक, नीमच सिटी से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री नृसिंह मंदिर, नीमच सिटी पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा। विधायक परिहार ने समस्त नगरवासियों एवं समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा महाराणा प्रताप के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया है।