नीमच जिले की जावद तहसील के कानका गांव में बुधवार को जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक शख्स ने लोगों के साथ मिलकर सगे भाई की हत्या कर दी। हमले में मृतक की पत्नी और बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। राजस्थान के उदयपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की भी मौत हो गई। वहीं, भतीजा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। आक्रोशित परिजन ने हाईवे पर कैंट थाने के पास दोपहर डेढ़ बजे से ढाई बजे तक चक्काजाम किया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने सात लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें से पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस के अनुसार, कानका गांव में दो सगे भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि रामनिवास ने अपने भाई पूरणमल पिता बद्रीलाल तेली पर हमला करने के लिए बाहरी लोगों को बुलाया था। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, हमलावर हथियार लेकर पहुंचे थे।
मिर्च पाउडर फेंककर किया हमला
हमलावरों ने पूरणमल और उनके परिवार के सदस्यों की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर फेंका। इसके बाद धारदार हथियारों और लाठी-डंडे लेकर टूट पड़े। पूरणमल की मौके पर ही मौत हो गई। पूरणमल की पत्नी संपत बाई भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें राजस्थान के उदयपुर रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, बेटे जीवन का श्रीराम अस्पताल में इलाज जारी है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाए। उनका कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने पारिवारिक विवाद मानकर कार्रवाई नहीं की। परिजन का आरोप है कि समय रहते कार्रवाई होती, तो घटना नहीं होती।
गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे परिजन
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की शवगृह में रखवाया। हालांकि परिजनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार को किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस वजह से हुआ था विवाद
छोटे भाई रामनिवास ने मृतक के खेत पर कुछ फrट अंदर तक खंबे लगा दिए गए थे। जिसके बाद बड़े भाई ने खंभे उखाड़ कर रख दिए तो छोटे भाई ने बड़े भाई के खेत के खंभों को नुकसान पहुंचाकर बड़े भाई को नपती के बहाने खेत पर बुलाया और हाथ पैर बांध कर आंखों में मिर्ची डाल कर मारपीट की।


