नीमच। जावद में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग ने जावद क्षेत्र से तीन वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को की गई। वाहन अवैध रूप से गिट्टी और खंडा पत्थर का परिवहन कर रहे थे।खनि अधिकारी गजेंद्र सिंह डावर के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में खनि निरीक्षक शिवानी साहू और प्रभारी खनि निरीक्षक सुनील जाधव भी शामिल थे। जब्त किए गए वाहनों में एक डंपर (क्रमांक MP14ZJ0238), एक स्वराज 834 ट्रैक्टर और एक महिंद्रा 275 ट्रैक्टर शामिल हैं। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत की गई है। सभी जब्त वाहनों को पुलिस थाना जावद की अभिरक्षा में कलेक्टर के आगामी आदेश तक सुरक्षित खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ उनकी सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।