नीमच। शिवाजी सर्कल, नीमच पर शुक्रवार सुबह स्टडी विथ दुबे कोचिंग एवं फिजिकल एकेडमी के तत्वावधान में भारतीय सेना में चयनित जिले के 40 से अधिक विद्यार्थियों के सम्मान में “वीरों का सम्मान – सपनों का सम्मान” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चयनित युवाओं का पुष्पमालाओं एवं सम्मान-पत्रों के साथ अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। सम्मान समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान “शिवाजी”, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मदनलाल धनगर सहित संस्था के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने स्टडी विथ दुबे कोचिंग एवं फिजिकल एकेडमी द्वारा युवाओं को सेना में भर्ती के लिए तैयार करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान युवाओं में देशसेवा का जज़्बा पैदा कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान चयनित विद्यार्थियों के उत्साह और परिजनों की खुशी देखने लायक रही। पूरे आयोजन में देशभक्ति और गौरव का माहौल बना रहा।