नीमच। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नीमच जिला प्रेस क्लब पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित करने जा रहा है। 20 जून 2026 (शनिवार) को सिंगोली रोड स्थित मालखेड़ा वाटर पार्क में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होने वाले इस आयोजन में दिनभर मनोरंजन, खेलकूद और आत्मीय मिलन का माहौल रहेगा। प्रेस क्लब अध्यक्ष श्याम गुर्जर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य पत्रकार बंधुओं और उनके परिवारों के बीच आपसी आत्मीयता,सौहार्द और पारिवारिक रिश्तों को और मजबूत करना है। कार्यक्रम में पत्रकारों के साथ उनके परिवारजन भी शामिल होंगे,जिससे यह आयोजन एक बड़े पारिवारिक उत्सव का रूप लेगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे पूल पार्टी से होगी, जो दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। इसी दौरान सुबह 10:30 बजे नाश्ते की व्यवस्था भी रहेगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं को रोचक बनाने के लिए कई आकर्षक गतिविधियां भी रखी गई हैं। दोपहर 3 बजे अतिथियों का आगमन होगा,जिसके बाद सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर शाम 4:30 बजे सभी सदस्यों और उनके परिवारजनों के लिए स्नेहभोज रखा गया है। प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से परिवार सहित समय पर पहुंचने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है,बल्कि पत्रकार परिवारों के बीच आपसी संवाद,सहयोग और संबंधों को मजबूत करने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन की तैयारियों में अध्यक्ष श्याम गुर्जर,उपाध्यक्ष ललितसिंह चुण्डावत, सचिव मनीष चांदना, कोषाध्यक्ष श्याम सारड़ा,सहसचिव मुकेश शर्मा,कार्यकारिणी सदस्य राजू नागदा,अर्जुन सिंह जायसवाल तथा विधिक सलाहकार भारतसिंह सोलंकी सहित समस्त पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।