नीमच। सूबे में चल रहे नशा मुक्ति अभियान के बीच नीमच सिटी थाना पुलिस ने ड्रग्स माफियाओं की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी है! पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के कड़े तेवरों और थाना प्रभारी विजय सागरिया के धांसू नेतृत्व में पुलिस टीम ने फिल्मी स्टाइल में नाकाबंदी कर एक पिकअप गाड़ी को खदेड़ा और 108 किलो अवैध सीपीएस डोडाचूरा के साथ राजस्थान के दो शातिर तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
प्याज के कट्टों में छिपा था मौत का सामान:-तस्करों ने पुलिस की आँखों में धूल झोंकने के लिए पिकअप गाड़ी (RJ 54 GA 0720) में 1200 किलोग्राम प्याज लाद रखी थी। उन्हें लगा कि प्याज की गंध के आगे पुलिस का दिमाग चकरा जाएगा, लेकिन मुखबिर की पक्की सूचना पर मुस्तैद पुलिस टीम ने जब भरभड़िया फंटा (महू-चित्तौड़गढ़ फोरलेन रोड) पर गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली, तो प्याज के कट्टों के बीच छिपे 06 काले रंग के कट्टे देखकर पुलिस के भी कान खड़े हो गए। जब कट्टों को खोला गया, तो उसमें से निकला 108 किलो अफीम का बिना चीर वाला सीपीएस डोडाचूरा!
पुलिस के हत्थे चढ़े जोधपुर के ‘स्मगलर’:- पकड़े गए दोनों आरोपी राजस्थान के जोधपुर जिले के रहने वाले हैं, जो नीमच से माल समेटकर राजस्थान खपाने की फिराक में थे:
सुखराम (28 वर्ष) पिता हरचन्द्र गाड़ी लोहार, निवासी- बुड़किया, थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर।
श्रवणराम (27 वर्ष) पिता मेघाराम गाड़ी लोहार, निवासी- मेलावास, थाना करवर, जिला जोधपुर।
जब्त माल का पूरा लेखा-जोखा (कुल मशरूका: ₹25.36 लाख):
जब्त सामान अनुमानित कीमत
108 किलो सीपीएस डोडाचूरा ₹ 16,20,000
महिंद्रा पिकअप वाहन ₹ 9,00,000
मोटोरोला मोबाइल फोन ₹ 10,000
1200 किलोग्राम प्याज ₹ 6,000
कुल जब्ती ₹ 25,36,000
– अब खुलेगा ‘सप्लाई चेन’ का राज:-
नीमच सिटी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल का रास्ता दिखा दिया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है कि आखिर नीमच में इस ‘काले नशे’ का आका कौन है और यह माल कहाँ सप्लाई होना था।
सिंघम टीम का जलवा: इस बड़ी कामयाबी के पीछे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नपुअ किरण चौहान के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया समेत पूरी नीमच सिटी थाना टीम का काबिले-तारीफ योगदान रहा, जिनकी मुस्तैदी से 25 लाख से ज्यादा का अवैध कारोबार तबाह हो गया!


