नीमच। उदय विहार स्थित दिल्लीवरी कोरियर कंपनी के कार्यालय में हुई चाकूबाजी और लूट की सनसनीखेज वारदात का नीमच पुलिस ने मात्र 36 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू, एक मोटरसाइकिल तथा लूटी गई राशि में से 90 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीमों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
कर्मचारी पर किया था चाकू से हमला
23 जून की रात करीब 9:20 बजे उदय विहार स्थित दिल्लीवरी कोरियर कार्यालय में चार बदमाश मोटरसाइकिल से पहुंचे। उस समय कर्मचारी सूरज नाथ कार्यालय में अकेले कार्य कर रहा था। बदमाशों ने कर्मचारी को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया और कैश काउंटर से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने सूरज नाथ पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और कंधों पर गंभीर चोटें आईं। घटना की रिपोर्ट पर नीमच कैंट थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास स्वयं घटनास्थल पहुंचे और जांच की निगरानी की। पुलिस ने घटनास्थल तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। नीमच, मंदसौर, प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ के टोल नाकों एवं अन्य स्थानों के कैमरों की भी जांच की गई।
जांच के दौरान कोरियर कंपनी के पूर्व कर्मचारी इस्लाम मोहम्मद पर संदेह हुआ, जिसे कुछ समय पहले नौकरी से हटाया गया था। पुलिस ने उसके संबंध में जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सोहेल मंसूरी, असरफ कुरैशी, जाहिद खान, इस्लाम मोहम्मद तथा आसिफ मंसूरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट और चाकूबाजी की वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा 90,800 रुपये नकद बरामद किए हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, उप निरीक्षक मंगलसिंह राठौर, उप निरीक्षक असलम पठान, प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे सहित साइबर सेल एवं विभिन्न थानों के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना की है।