नीमच। ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष बलवंत पाटीदार ने किसानों की वर्षों पुरानी मांग को उठाते हुए कहा कि धनेरिया पंचायत के अंतर्गत लेवड़ा से चंगेरा होते हुए कृषि उपज मंडी तक मार्ग का निर्माण होने से मध्य प्रदेश एवं राजस्थान के सैकड़ों गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि नीमच कृषि उपज मंडी प्रदेश की प्रमुख मंडियों में से एक है, जहां मध्य प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान से भी बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर आते हैं। वर्तमान में इस क्षेत्र के किसानों को मंडी पहुंचने के लिए पूरे शहर का चक्कर लगाते हुए लगभग 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। बलवंत पाटीदार ने कहा कि किसानों को नीमच नगर के भीड़भाड़ वाले बाघाना क्षेत्र से होकर गुजरना पड़ता है, जहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही स्कूलों के आसपास अधिक यातायात होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। यदि लेवड़ा से चंगेरा तक के कच्चे मार्ग को मिट्टी डालकर अथवा आवश्यक सुधार कर आवागमन योग्य बना दिया जाए, तो किसानों को मंडी तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी और समय व परिवहन लागत दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आसपास के गांवों के किसानों से चर्चा की गई है। किसानों का भी मानना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कृषि विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। पाटीदार ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो किसानों को अपने अधिकारों के लिए जनआंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।”किसानों की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए लेवड़ा-चंगेरा मार्ग का निर्माण समय की आवश्यकता है।” — बलवंत पाटीदार