नीमच, 02 जुलाई 2026। भारत सरकार द्वारा कौशल विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) नीमच द्वारा जुलाई माह में विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से ग्रामीण युवक-युवतियों एवं महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

संस्थान के निदेशक ने बताया, कि सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क होंगे। प्रशिक्षण अवधि में प्रशिक्षणार्थियों के लिए आवास, भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था भी संस्थान द्वारा निःशुल्क की जाएगी।

जारी प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुसार मछली पालन का 10 दिवसीय प्रशिक्षण 07 जुलाई से, व्यवसायिक बागवानी एवं फूलों की खेती का 12 दिवसीय प्रशिक्षण 09 जुलाई से तथा बकरी पालन का 12 दिवसीय प्रशिक्षण 13 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। इसी प्रकार महिलाओं के लिए 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण 18 जुलाई से तथा 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण 21 जुलाई 2026 से प्रारंभ किया जाएगा।

प्रशिक्षण का लाभ केवल नीमच जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां प्राप्त कर सकेंगे। सभी प्रशिक्षणों में प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा।

कृषि एवं पशुपालन संबंधी प्रशिक्षणों में संबंधित विभागों के अनुभवी वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों द्वारा आधुनिक तकनीकों, उत्पादन, प्रबंधन एवं उद्यम स्थापना से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता एवं विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने के इच्छुक प्रशिक्षणार्थियों को बैंक ऋण के लिए आवेदन करने में भी आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान,हवाई पट्टी के सामने,विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड, नीमच में उपस्थित होकर अथवा मोबाइल नंबर 9111053516 पर संपर्क कर, अपना पंजीयन करा सकते हैं।