नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के चीताखेड़ा बस स्टैंड पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित कार भीड़ में घुस गई,जिससे 14 लोग घायल हो गए। हादसे में कई मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हुईं। जानकारी के अनुसार,बस स्टैंड स्थित एक निजी क्लीनिक के बाहर बड़ी संख्या में लोग एक घायल किसान का हालचाल जानने के लिए खड़े थे। इसी दौरान नीमच की ओर जा रही एक सफेद मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। घायलों को स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद लोगों ने चालक रघुवीर परमार को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।