नीमच। तीन वर्षों से भूमि चयन,विवाद और विरोध के कारण अटकी सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल भवन परियोजना का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 परिसर में 39.23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक स्कूल भवन के लिए भूमि का अंतिम चयन कर लिया गया है। मौके पर लेआउट का कार्य भी पूरा हो चुका है और अगले एक-दो सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू होने की तैयारी है।
नीमच,जावद और मनासा में एक साथ स्वीकृत सांदीपनि स्कूलों में जावद और मनासा के भवन पहले ही बनकर तैयार हो चुके हैं,जबकि नीमच में भूमि विवाद,कोर्ट में मामला और विद्यार्थियों के विरोध के कारण परियोजना लगातार टलती रही। अब सभी बाधाएं दूर होने के बाद निर्माण का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। परियोजना क्रियान्वयन इकाई के अनुसार 39.23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विद्यालय आधुनिक कक्षाओं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाओं,स्मार्ट शिक्षण सुविधाओं और खेल अधोसंरचना से सुसज्जित होगा। इससे जिले के सैकड़ों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा। पालक महासंघ के जिलाध्यक्ष जगदीश शर्मा ने इसे दो वर्षों के संघर्ष का परिणाम बताया,जबकि विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद अब निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त बेहतर शिक्षण संस्थान मिलेगा।