नीमच:- महू-नसीराबाद रोड पर स्थित ग्राम पंचायत जमुनिया कला के वार्ड क्रमांक 1 उदय नगर कॉलोनी के रहवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। पंचायत द्वारा “आपका हार्दिक अभिनंदन” का बोर्ड तो लगा दिया गया है,लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल विपरीत है।

1 महीने से बह रहा गंदा पानी,कॉलोनीवासियों के अनुसार विगत 1 महीने से पेयजल लाइन फूटी हुई है। जिसके कारण पूरे क्षेत्र में गंदा पानी बह रहा है और जगह-जगह कीचड़ जमा है। वीडियो फुटेज में एक छोटा बच्चा नंगे पैर घुटने तक कीचड़ में चलता दिखाई दे रहा है। पीने के पानी के लिए लोग दर-दर भटक रहे हैं।

ना सीसी रोड, ना स्ट्रीट लाइट,स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी में आज तक सीसी रोड का निर्माण नहीं हुआ है। रास्ते कच्चे हैं और बरसात में कीचड़ से भर जाते हैं। क्षेत्र में एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा जाता है,जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है।

सामुदायिक भवन के नाम पर “मौत के गड्ढे” सबसे गंभीर लापरवाही सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर है। भवन के लिए खोदे गए गड्ढे बिना बाउंड्री और बिना चेतावनी के खुले छोड़ दिए गए हैं। वीडियो में स्थानीय महिला कह रही है कि “बच्चे यहीं cricket खेलते हैं”। पालकों को हमेशा दुर्घटना का भय सताता रहता है।

सरपंच से शिकायत, नहीं हुई सुनवाई ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार सरपंच सुमन विनोद जायसवाल को अवगत कराया गया,लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने की कलेक्टर से मांग,कॉलोनी के रहवासियों ने जिला कलेक्टर नीमच और CEO जिला पंचायत से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से पानी की लाइन ठीक करवाई जाए, सीसी रोड और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए तथा खुले गड्ढों को बंद किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।