नीमच। मुख्यमंत्री के “नशा मुक्त प्रदेश” अभियान को गति देते हुए नीमच पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई कर लगभग 35 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। कार्रवाई में पंजाब के तीन तस्करों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना जीरण प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव और उनकी टीम ने की। पहली कार्रवाई महू-नीमच रोड स्थित हरकियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के पास की गई। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर के टाटा ट्रक (PB-13-BH-3407) को रोककर तलाशी ली। ट्रक की ड्राइवर सीट के पीछे छिपाकर रखे कट्टों से 30 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने संगरूर (पंजाब) निवासी जीता सिंह (29), काला सिंह (49) और कृष्ण उर्फ रविदास (35) को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में करीब 90 हजार रुपये मूल्य का डोडाचूरा तथा लगभग 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त किया गया।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सीमखेड़ा फांटा, महू-नीमच हाईवे पर दूसरी कार्रवाई की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे सीमखेड़ा निवासी मंगलसिंह को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके पास मौजूद कैस्ट्रॉल ऑयल की हरी बाल्टी की तलाशी लेने पर उसमें 4 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। जीरण पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई की जिलेभर में सराहना हो रही है।