नीमच में 11 जुलाई को होगा विराट संत समागम,राष्ट्र उत्थान और विश्व शांति का देंगे संदेश, आध्यात्मिक महासम्मेलन में गूंजेगा राष्ट्र उत्थान का संदेश
08 Jul 2026
NEEMUCH NEWS
नीमच। शहर 11 जुलाई को एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। संतों के सान्निध्य में आयोजित होने वाले विराट संत समागम में देशभर के प्रतिष्ठित संत-महात्मा एक मंच पर उपस्थित होकर राष्ट्र उत्थान, सामाजिक समरसता, विश्व शांति और सनातन संस्कृति का संदेश देंगे। इस आध्यात्मिक महासम्मेलन का मुख्य आकर्षण आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज का सान्निध्य रहेगा। उनके प्रेरणादायी प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन, संस्कार, राष्ट्र निर्माण, सेवा और मानव कल्याण के विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में महायोगी परमहंस बाबा श्री 1008 कालीदास कृष्णानंद जी महाराज, श्री बालमुकुंद दास जी महाराज एवं स्वामी मधुसूदनानंद गिरि जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा भी शामिल होंगे। विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपति, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में समाज को आध्यात्मिक मूल्यों, नैतिकता और सकारात्मक सोच की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को लेकर यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिससे समाज में सेवा, संस्कार, सद्भाव और राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा मिल सके। चौपड़ा परिवार के आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन समिति ने नीमच सहित आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने और आध्यात्मिक संदेश का लाभ लेने की अपील की है।