नीमच: मध्यप्रदेश के नीमच की पावन धरा आज एक बेहद ऐतिहासिक, अलौकिक और आध्यात्मिक क्षण की साक्षी बनी। हरिद्वार के विख्यात निरंजनी अखाड़ा दक्षिण काली पीठ के पीठाधीश्वर एवं आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानन्द गिरि जी महाराज के नगर आगमन को लेकर पूरे जिले में दीपोत्सव जैसा माहौल है। इसी बीच, आयोजन में उस वक्त चार चांद लग गए जब बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रजत बेदी एक विशेष फाइटर जेट (विमान) से सीधे नीमच हवाई पट्टी पर उतरे। जैसे ही अभिनेता रजत बेदी नीमच पहुंचे, वहां पहले से मौजूद आयोजन समिति के प्रमुख संतोष चौपड़ा एवं आदित्य मालू ने सनातनी परंपरा के अनुसार गर्मजोशी से उनका भव्य स्वागत किया। बॉलीवुड स्टार की मौजूदगी और पूज्य संत के दिव्य सान्निध्य ने इस पूरे आयोजन को बेहद खास और भव्य बना दिया है।
पलक-पावड़े बिछाकर तैयार बैठा है नीमच, आज निकलेगी भव्य यात्रा,आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानन्द गिरि जी महाराज के स्वागत में आज पूरा नीमच शहर सड़कों पर उतरने को बेताब है। शहर के तमाम प्रमुख मार्गों को भगवा ध्वजों, गगनचुंबी स्वागत द्वारों और आकर्षक धार्मिक सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया है। आज शहर में एक ‘भव्य सनातन आध्यात्मिक यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सनातनी संगठनों द्वारा जगह-जगह मंच बनाकर संतश्री और अतिथियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। पूरा वातावरण सनातन चेतना और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आ रहा है।
*11 जुलाई को ताज हॉल में ‘महाधर्मसभा’ का शंखनाद*
आयोजन समिति के प्रमुख संतोष चोपड़ा ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण 11 जुलाई को दशहरा मैदान स्थित ताज हॉल में आयोजित होने वाली विशाल धर्मसभा होगी। इस महा-धर्मसभा में स्वामी श्री कैलाशानन्द गिरि जी महाराज राष्ट्र उत्थान, सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और विश्व शांति के संकल्प पर अपना ओजस्वी संदेश देंगे।
“नीमच के इतिहास में यह पहला मौका है जब अध्यात्म के शीर्ष पुरुष और बॉलीवुड का इतना बड़ा नाम एक साथ सनातन संस्कृति के प्रचार के लिए नीमच की धरती पर मौजूद हैं। जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के इस महाकुंभ में शामिल होने की संभावना है।
संतोष चौपड़ा, प्रमुख, आयोजन समिति
सुरक्षा के कड़े इंतजाम:-वीआईपी मूवमेंट और हजारों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति पूरी तरह मुस्तैद है। हवाई पट्टी से लेकर आयोजन स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर का बच्चा-बच्चा इस समय भक्ति और सनातनी गौरव के इस अद्भुत समागम का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित है।