नीमच। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी नीमच में शुक्रवार शाम अध्यात्म, सनातन संस्कृति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज के ऐतिहासिक नगर आगमन पर भव्य चल समारोह निकाला गया। नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और जयघोष के साथ महाराज श्री का भव्य स्वागत किया। इसी क्रम में वरिष्ठ समाजसेवी अशोक अरोरा द्वारा गुरुद्वारे के समीप स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज का पुष्पवर्षा एवं पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से सराबोर इस आयोजन के दौरान एक ऐसी तस्वीर भी सामने आई जिसने लोगों का विशेष ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। दरअसल, स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज के काफिले में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार भी अपने वाहन में सवार होकर शामिल थे। काफिला जब स्वागत स्थल पर पहुंचा तो समाजसेवी अशोक अरोरा ने विधायक दिलीप सिंह परिहार का भी पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। वहीं विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भी आत्मीयता का परिचय देते हुए समाजसेवी अशोक अरोरा को पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

विशाल धार्मिक आयोजन के बीच सामने आई यह तस्वीर शहर में चर्चा का विषय बन गई। जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।,गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों से विधायक दिलीप सिंह परिहार और समाजसेवी अशोक अरोरा के बीच आपसी तक़रार और मतभेद देखने को मिल रही थी। ऐसे में सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच दोनों का एक-दूसरे का सम्मान करते हुए साथ नजर आना कहीं न कहीं रिश्तों में सकारात्मक संवाद और आपसी सौहार्द की नई शुरुआत के संकेत का रूप माना जा रहा हैं।