( मनोज मीणा ) नीमच। अफीम और डोडाचूरा की तस्करी के लिए देश भर में विख्यात नीमच-मंदसौर जिला तस्करी के साथ-साथ इसे अंजाम देने के लिए अपनाए जाने वाले नायाब तरीकों के लिए भी अक्सर चर्चाओं में रहता है, हालांकि जांच एजेंसियों और पुलिस की पैनी नजर से तस्करों की सारी स्कीम धरी की धरी भी रह जाती है, और शातिर किस्म के कुख्यात तस्करों के खिलाफ शिकंजा आखिर कस ही लिया जाता है, लेकिन तस्करों को अपने मंसूबों में कामयाब होने के लिए तमाम तरह के तरीके भी अब नाकाफी लगने लगे है....जिसके चलते अब बड़े ही अदब से तस्करी को अंजाम देने वाले रास्तों को ड्रग माफियाओं ने चुना है, जो नशे के सौदागरों के लिए भले ही आसान हो लेकिन पुलिस की तीसरी आंख से दूर नहीं... और तस्करी से जुड़ा ऐसा ही घटनाक्रम नीमच सिटी थाना क्षेत्र में सामने आया जब पुलिस ने राजस्थान की और चलने वाली एक निजी और लग्जरी यात्री बस की डिक्की से 100 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया... जानकारी के मुताबिक नीमच सिटी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बी.आर. ट्रेवल्स की बस से 105 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर बस एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर फोरलेन स्थित चौथखेड़ा फंटे के पास नाकाबंदी की.... इस दौरान बी.आर. ट्रेवल्स की बस क्रमांक AR01Y9595 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस की डिक्की में छह सफेद कट्टों में छिपाकर रखा गया 105 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी बंशीलाल (38 वर्ष) निवासी राजस्थान को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है....पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 105 किलो डोडाचूरा सहित बस जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 65 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों के संबंध में जांच कर रही है। बतादे की यह कोई पहला वाकया नहीं है, इसके पूर्व भी नीमच से चलने वाली ट्रेवल्स की बसों में अफीम और डोडाचूरा की तस्करी से जुड़े मामले सामने आ चुके है, और इस घटनाक्रम के साथ ही यह भी स्पष्ट है, कि नीमच- मंदसौर से दिल्ली, पंजाब और राजस्थान की और जाने लग्जरी बसों में संदिग्ध तौर पर तस्करी को भी अंजाम दिया जा रहा है, लिहाजा अब यह भी जरूरी हो गया कि, परिवहन और यातायात की लचीली कार्यवाहियों से परे पुलिस को भी समय-समय पर बसों की चेकिंग का भी एक शेड्यूल तैयार करना होगा, ताकि बसों के जरिए पनपने वाले नशे के इस अवैध कारोबार पर अंकुश लग सके...!