मनासा। भाजपा नेता दिनेश राठौर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है और अब केवल व्यक्तिगत आरोप लगाकर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए विकास का कोई एजेंडा नहीं बचा है। राठौर ने कहा कि विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे कांग्रेस में बौखलाहट है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के मुद्दों पर मुकाबला नहीं कर पाने के कारण कांग्रेस अब विधायक मारू की छवि खराब करने के लिए निजी आरोपों का सहारा ले रही है। भाजपा नेता ने कहा कि मानासा और आसपास की जनता सब कुछ देख रही है। एक ओर विधायक क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में लगी हुई है। उन्होंने दावा किया कि जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। दिनेश राठौर ने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि विपक्ष में नैतिकता बची है तो वह व्यक्तिगत आरोपों के बजाय विकास के मुद्दों पर जनता के बीच बहस करे। उन्होंने कहा कि झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति अब ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली।