नीमच जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जीरन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारत बेंज कंपनी के एक ट्रक से चने की बोरियों की आड़ में छिपाकर ले जाया जा रहा 1 क्विंटल 75 किलोग्राम अवैध पीसा हुआ डोडाचूरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को हरकीयाखाल पुलिस सहायता केंद्र के पास नाकाबंदी के दौरान भारत बेंज का ट्रक क्रमांक PB-10-HF-8285 तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो ट्रक के केबिन में रखे पांच काले प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा मिला, जबकि ट्रक के पीछे चने की बोरियां भरी हुई थीं, जिनकी आड़ में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही थी।
पकड़े गए आरोपी की पहचान हरमीत सिंह (35 वर्ष), निवासी ब्लोपुर, थाना खन्ना, जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 5.25 लाख रुपये कीमत का डोडाचूरा तथा 11 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त किया है। जब्त कुल संपत्ति की कीमत लगभग 16.25 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में जीरन थाना पुलिस एवं हरकीयाखाल पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने की। पुलिस अब इस मामले में डोडाचूरा की सप्लाई और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।