नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र के ग्राम नागथुन में गुरुवार सुबह खेत पर कृषि कार्य के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में जनपद पंचायत जावद अध्यक्ष गोपाल चारण के 22 वर्षीय पुत्र करण चारण की करंट लगने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार करण चारण गुरुवार सुबह गुर्जर खेड़ी-सांखला स्थित 4 खंबा चौराहा क्षेत्र के अपने खेत पर कृषि कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान वे अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए। काफी समय तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन खेत पहुंचे,जहां करण अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन तत्काल उन्हें जावद के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवा किसान की असमय मृत्यु की खबर फैलते ही जिला चिकित्सालय में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों का तांता लग गया। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान,समाजसेवी अजय भटनागर,सचिन गोखरू सहित अनेक लोगों ने अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस की मौजूदगी में जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। जावद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला करंट लगने से हुई दुर्घटना का माना जा रहा है, जबकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।