नीमच। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के खेल मैदान पर प्रस्तावित सीएम राइज (सांदीपनि) विद्यालय के निर्माण के विरोध में शहर के खिलाड़ी, मॉर्निंग वॉकर,योग साधक,खेल संगठन और नागरिक एक मंच पर आ गए हैं। गुरुवार को खेल मैदान में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि प्रशासन ने स्कूल निर्माण के लिए वैकल्पिक भूमि का चयन नहीं किया तो 26 जुलाई को फोर जीरो चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह खेल मैदान वर्षों से शहर की खेल प्रतिभाओं को तैयार करने का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां प्रतिदिन क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का अभ्यास होता है। साथ ही सेना,सीआरपीएफ,पुलिस और अन्य शासकीय सेवाओं की भर्ती की तैयारी करने वाले सैकड़ों युवा भी इसी मैदान पर शारीरिक अभ्यास करते हैं। बड़ी संख्या में नागरिक मॉर्निंग वॉक, योग और व्यायाम के लिए भी इस मैदान का उपयोग करते हैं। खिलाड़ियों और नागरिकों ने आशंका जताई कि मैदान पर निर्माण होने से खेल गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित होंगी और युवाओं के पास अभ्यास के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों समाज के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं,इसलिए स्कूल का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त भूमि पर किया जाना चाहिए। नीमच पैंथर्स क्लब के मनीष वर्मा ने कहा कि खेलप्रेमियों की भावनाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। संडे क्रिकेट क्लब के सुनील जैन ने मैदान को शहर की खेल विरासत बताते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता बताई। बैठक के संयोजक कीर्ति पंचोली ने कहा कि मैदान समाप्त होने से भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सैकड़ों युवाओं के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी। समाजसेवी नवीन कुमार अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि वे सीएम राइज स्कूल के विरोध में नहीं हैं,बल्कि स्कूल निर्माण के लिए वैकल्पिक भूमि का चयन किया जाना चाहिए,ताकि शिक्षा और खेल दोनों का संतुलन बना रहे। बैठक के अंत में उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन से खेल मैदान को यथावत सुरक्षित रखने, सीएम राइज स्कूल के लिए वैकल्पिक भूमि चिन्हित करने तथा खिलाड़ियों और आम नागरिकों की सुविधाओं की रक्षा करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 26 जुलाई को फोर जीरो चौराहे पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।