जीरन। नीमच जिले की जीरन तहसील अंतर्गत ग्राम पिराना में शुक्रवार को खेत में दवाई का छिड़काव करते समय 11 केवी विद्युत लाइन के झूलते तारों की चपेट में आने से भगतराम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल जीरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जीरन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद परिजनों व समाजजनों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को जीरन के मुख्य मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार बताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर प्रशासन से उचित कार्रवाई एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था तथा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को नियंत्रित करने एवं प्रदर्शनकारियों से चर्चा करने में जुटे हुए थे।