मनासा। राहुल प्रियंका गांधी सेना के बैनर तले मनासा विधानसभा क्षेत्र के कंजार्डा गांव में किसानों को ई-टोकन के माध्यम से मिलने वाली खाद में आ रही परेशानियों को लेकर विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। धरने में बड़ी संख्या में किसान और अन्नदाता एकत्रित हुए।
कार्यक्रम को राहुल प्रियंका गांधी सेना के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश राठौर, युवा नेता मंगेश संगही, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, चंद्रशेखर पालीवाल, विजय श्रीमाल, लोकेंद्र सिंह चंद्रावत, अशोक गुर्जर, संदीप सोनी, जिलाध्यक्ष राहुल प्रियंका गांधी सेना महेश चौधरी सहित कांग्रेस के जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
प्रदेश अध्यक्ष कैलाश राठौर ने भाजपा की प्रदेश एवं केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे किसान विरोधी सरकार बताया। उन्होंने कहा कि किसान खाद के लिए परेशान हो रहा है। ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को हो रही असुविधा का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि किसानों को इस तरह परेशान किया जा रहा है कि वे मजबूरी में अपनी जमीन पूंजीपतियों को बेचने के लिए मजबूर हो जाएं। उन्होंने किसानों के हित में खाद की व्यवस्था सुचारू करने की मांग की।
वहीं चंद्रशेखर पालीवाल ने क्षेत्रीय विधायक और सांसद पर निशाना साधते हुए कहा कि विधायक एक ऐसा पत्र दिखा दें, जिसमें उन्होंने किसानों को मिलने वाले मुआवजे को लेकर सरकार को पत्र लिखा हो। उन्होंने कहा कि आज भी किसानों को निर्धारित मापदंड के अनुसार मुआवजा नहीं मिल पा रहा है।
युवा नेता मंगेश संगही ने कांग्रेस की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि जहां कांग्रेस का झंडा और राहुल गांधी-प्रियंका गांधी की तस्वीर नजर आएगी, कांग्रेस कार्यकर्ता उसी जाजम पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक है और एकजुट होकर किसानों की आवाज उठाती रहेगी।